घटना : शाहजादपुर में मक्के के खेत से युवक का शव मिलने से क्षेत्र में फैली सनसनी,जांच में जुटी पुलिस

🔴 घर से मेले में बर्फ बेचने निकला था शंकर।

🔴 तीन वर्ष पहले हुई थी शादी,दो छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया।

रिपोर्ट : दैनिक आजतक डेस्क।

उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के बुधामा ओपी अंतर्गत शाहजादपुर बहियार में मक्के के खेत में शुक्रवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फ़ैल गई। 

🔴 सिसवा का है मृतक शंकर :

मृतक की पहचान आलमनगर थाना क्षेत्र के सिसवा वार्ड संख्या चार निवासी नागो मुखिया के 21 वर्षीय पुत्र शंकर कुमार के रूप में हुई है।  

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शंकर कुमार गुरुवार को खाड़ा पंचायत के वार्ड नंबर -1, बरहकोल गांव में हो रहे रामध्वनि संकीर्तन में बर्फ बेचने के लिए सुबह घर से निकला था। बर्फ बेचकर वह दोपहर में घर लौटा और खाना खाने के बाद फिर से बर्फ लाने आलमनगर बाजार के लिए निकल गया। लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिजन पूरी रात उसकी खोजबीन करते रहे। लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। इसी बीच शुक्रवार की सुबह शाहजादपुर बहियार के मक्का लगे खेत में एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही उदाकिशुनगंज थाना पुलिस एवं बुधामा ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। 

वहीं दूसरी ओर सड़क किनारे युवक की स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। जिस पर बर्फ का बक्सा लदा हुआ था।

🔴 मृतक शंकर के परिजन पहुंचे घटनास्थल,शव की हुई पहचान:

इधर घटना की जानकारी मिलते ही शंकर कुमार के परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां मीना देवी अपने पुत्र के शव से लिपटकर विलाप करने लगी, जिससे वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। ग्रामीणों के अनुसार शंकर कुमार मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।उसकी शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी और उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। 

लोगों द्वारा हत्या की आशंका जताई जा रही है। कुछ लोग दबे जुबान कह रहे हैं कि युवक का गला दबाकर हत्या की गई हो सकती है। जो कि प्रशासनिक जांच पड़ताल का हिस्सा है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

हालांकि घटना की वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेज दिया। साथ ही घटनास्थल से प्रशासन द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं‌।  

🔴 थानाध्यक्ष कहते हैं :

इस मौके पर थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि शहजादपुर बहियार से एक युवक का शव बरामद किया गया है, जिसकी पहचान शंकर कुमार के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया हर पहलू पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए तहकीकात में जुटी है। इधर घटनास्थल पर लोगों की भीड़ देर समय तक जुटी रही। 

मिल रही जानकारी से इस मामले के उद्भेदन में पुलिस-प्रशासन त्वरित गति से जूट गई है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सफलता : खाड़ा के अंशु ने जेईई-मेन परीक्षा में पाई सफलता,परिजनों में खुशी का माहौल,मिल रही बधाईयां

शोक : खाड़ा में सेविका माला और शिक्षाविद कृष्ण झा के निधन से शोक, लोगों ने दी श्रद्धांजलि

बुधमा पंचायत के मुखिया पंकज सिंह गिरफ्तार,भेजें गए जेल