उदाकिशुनगंज में नशा कारोबार के खिलाफ खबर छापने पर रंजिश,पत्रकार पुत्र के साथ मारपीट

🔴 पत्रकार संगठन द्वारा प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कार्यवाई की हुई मांग।

रिपोर्ट : दैनिक आजतक डेस्क।

उदाकिशुनगंज (मधेपुरा)।

उदाकिशुनगंज नगर परिषद क्षेत्र में बढ़ते नशा कारोबार के खिलाफ आवाज उठाना एक पत्रकार के परिवार के लिए भारी पड़ गया। बुधवार सुबह बाजार स्थित एक होटल के समीप पत्रकार के पुत्र के साथ मारपीट और लूटपाट की घटना सामने आई है। इस मामले ने अब तूल पकड़ लिया है और दोनों पक्षों की ओर से थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। घटना के बाद से इलाके में तनाव के साथ-साथ नशा कारोबारियों के खिलाफ आक्रोश भी देखा जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10 बजे पत्रकार का पुत्र बाजार स्थित एक होटल के पास खड़ा था, तभी कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। 

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने न केवल मारपीट की, बल्कि सोने की चकती, अंगूठी और नकदी भी छीन ली। वहीं, दूसरी ओर से दूसरे पक्ष ने भी थाने में आवेदन देकर अपहरण के प्रयास सहित अन्य गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस अब दोनों पक्षों के दावों की सत्यता की जांच कर रही है। पत्रकार का आरोप है कि यह हमला अचानक हुई कोई घटना नहीं है, बल्कि सोची-समझी साजिश है। 

हाल के दिनों में क्षेत्र में सक्रिय 'ड्रग सिंडिकेट' और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ प्रमुखता से खबरें प्रकाशित की गई थीं, जिससे बौखलाए असामाजिक तत्वों ने उनके पुत्र को निशाना बनाया है। इससे पूर्व भी बिहारीगंज थाना क्षेत्र में युवक के साथ हथियार के बल पर मारपीट की घटना हो चुकी है। व्यापारियों में भय घटना के बाद उदाकिशुनगंज में तनाव का माहौल है। सोशल मीडिया पर दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने हैं और तीखी बयानबाजी जारी है।

🔴 बाजार में बढ़ रहा असामाजिक तत्वों का जमावड़ा:

स्थानीय व्यापारियों और अभिभावकों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा है कि बाजार क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ गया है। स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्रों पर नशे का दुष्प्रभाव पड़ रहा है। 

🔴 पत्रकार संगठन की मांग:

स्थानीय पत्रकार संगठनों ने इस हमले को 'प्रेस की स्वतंत्रता' पर हमला करार देते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। संगठनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पत्रकारों और उनके परिजनों को सुरक्षा प्रदान की जाए और निष्पक्ष जांच करते हुए दोषियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए।

🔴 पुलिस की कार्रवाई और आश्वासन :

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस सतर्क है। थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन प्राप्त हुए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में नशा कारोबारियों के खिलाफ अभियान जारी है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

शोक : खाड़ा में सेविका माला और शिक्षाविद कृष्ण झा के निधन से शोक, लोगों ने दी श्रद्धांजलि

बुधमा पंचायत के मुखिया पंकज सिंह गिरफ्तार,भेजें गए जेल

8 फरवरी को सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 तक विभिन्न क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित : विजय कुमार (स.वि.अभि.)