मधेपुरा। बदलते मौसम में शिशु के स्वास्थ्य का रखें ध्यान

🔼मौसम में बदलाव अपने साथ लेकर आता है कई इनफेक्शन और एलर्जी । 

मधेपुरा।

शिशु, विशेषकर नवजात शिशु अपने शरीर का तापमान अच्छे ढंग से नियंत्रित नहीं कर पाते और उन्हें बहुत जल्दी सर्दी या गर्मी लग सकती है। बदलते मौसम में शिशुओं की ज्यादा देखभाल की जरूरत होती है। ध्यान रखें कि चाहे कोई भी मौसम हो, जरूरी है कि आप सोते समय शिशु के शरीर का तापमान न बढ़ने दें। दिन में तेज धूप और रात को पड़ रही ठंड लोगों की सेहत पर बुरा असर डाल रही है। मौसम को लेकर लापरवाही बरतने वाले लोग बीमार पड़ रहे हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत बच्चों को हो रही है।

इससे खांसी, जुकाम और फीवर के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। अक्टूबर माह खत्म होने को है और ठंड दस्तक देने को है। दिन के समय थोड़ी गर्मी रहती है तो रात को मौसम ठंडा हो जाता है। ऐसे में खानपान और रहन-सहन में जरा सी लापरवाही लोगों को बीमार कर रही है। इन दिनों सर्दी, जुकाम, बुखार, बदन दर्द, सिर दर्द, आंखों में जलन, पेट दर्द जैसी बीमारियां लोगों को अपनी चपेट में ले रही हैं। सदर अस्पताल में आने वाले अधिकांश मरीज खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित हैं। डॉक्टर लोगों को सतर्कता बरतने की सलाह दे रहे हैं। 

🔼जिन लोगों को सर्दी, जुकाम, बुखार जैसी बीमारियां जल्दी होती हैं, उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है-

सिविल सर्जन डॉ अमरेन्द्र नारायण शाही कहते हैं कि जिन लोगों को सर्दी, जुकाम, बुखार जैसी बीमारियां जल्दी होती हैं, उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है। रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने के लिए दिन में एक या दो बार ग्रीन या ब्लैक टी का सेवन किया जा सकता है। इसके अलावा विटामिन डी और सी युक्त पदार्थ जैसे नींबू और आंवले का सेवन करें। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ डी पी गुप्ता का कहना है कि मौसम में परिवर्तन का सबसे ज्यादा प्रभाव छोटे बच्चों पर पड़ता है। बदलते मौसम में उचित देखभाल में कमी होने से वे जल्दी खांसी, जुकाम की चपेट में आ जाते हैं। इसलिए बच्चों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

🔼क्या करें -

⚫️शिशुओं को ज्यादा से ज्यादा स्तनपान कराएं

⚫️बच्चों को पानी उबालकर या फिल्टर कर देना चाहिए।

⚫️छोटे बच्चों के गीले कपड़े समय पर बदलते रहने चाहिए

⚫️बच्चों को पंखे या कूलर के नीचे न सुलाएं।

⚫️अभी बच्चों को पतला चादर जरूर ओढ़ाएं।


🔼क्या न करें

⚫️बच्चों के साथ बड़े भी ठंडे पेय पदार्थों का सेवन न करें।

⚫️ज्यादा तैलीय चीजों को खाने से परहेज करें।

⚫️धूप से आने के बाद तुरंत पंखे के नीचे न बैठें।

⚫️रात में पंखे या एसी का भी प्रयोग न करें।

रिपोर्ट : डेस्क दैनिक आजतक।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सफलता : खाड़ा के अंशु ने जेईई-मेन परीक्षा में पाई सफलता,परिजनों में खुशी का माहौल,मिल रही बधाईयां

शोक : खाड़ा में सेविका माला और शिक्षाविद कृष्ण झा के निधन से शोक, लोगों ने दी श्रद्धांजलि

खाड़ा बिहार ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक राहुल का हुआ तबादला,हुआ भव्य विदाई समारोह