सहरसा। ज्यादा नुकसानदायक है दूसरी लहर,अवश्य लें कोविड-19 का टीका : सिविल सर्जन
सहरसा।
कोरोना की दूसरी लहर तेजी से फैल रही है। वहीं लोगों द्वारा अपने स्वास्थ्य संबंधी प्राथमिकताओं की लगातार अनदेखी करते हुए कोविड- 19 के बुनियादी नियमों का पालन नहीं करते पाया जा रहा है। प्रशासन द्वारा कोविड- 19 के प्रसार की रोकथाम के लिए शाम 7 बजे से बाजार बंद करने संबंधी आदेश जारी होने के बाद भी लोगों द्वारा मास्क का उचित उपयोग, समाजिक दूरी बनाये रखना एवं हाथों को बार-बार धोते रहना का पालन नहीं किया जा रहा है, जो चिंता का विषय है।
🔼ज्यादा नुकसानदायक है दूसरी लहर--
सिविल सर्जन डा. अवधेश कुमार ने बताया कोविड- 19 की दूसरी लहर में जहां संक्रमण की रफ्तार तेज है, वहीं इस लहर में मरीजों के आयुवर्ग में भी भिन्नता देखी जा रही है। पहली लहर में जहाँ 20 से 45 वर्ष उम्र की लोगों को कोरोना संक्रमण नहीं के बराबर था लेकिन इस बार इस आयुवर्ग के लोगों में कोरोना संक्रमण के अधिक मामले पाये जा रहे हैं। जिले में पाये जाने वाले मामलों का अध्ययन करने से यह भी पता चलता है कि दूसरी लहर के संक्रमितों में स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के लक्षण भी बदले हुए हैं। इस बार कोविड- 19 वायरस जल्द ही फेफड़ों को संक्रमित करने में सफल हो रहा है। जिससे उनके इलाज में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए जैसे ही आपमें कोरोना के लक्षण दिखें, अपना कोविड टेस्ट अवश्य करायें।
🔼अवश्य लें कोविड-19 का टीका--
सिविल सर्जन डा. अवधेश कुमार ने कहा सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देश के आलोक में अभी जिले में कई टीकाकरण स्थलों पर टीकाकरण कार्य जारी है और आगे टीकाकरण स्थलों की संख्या बढ़ायी भी जायगी। इस समय 45 वर्ष या उससे अधिक आयुवर्ग के लोगों का टीकाकरण जारी है। आवश्यकता है आप अपने नजदीकी टीकाकरण स्थल पर जाकर निश्चत रूप से टीका लें। टीका लेने के बाद भी आपको कोविड- 19 नियमों का पालन करते रहना है। अपने देश में बनी वैक्सीन के अभी तक कोई दुष्परिणाम देखने को नहीं मिले हैं| इसलिए निश्चिंत होकर आगे आयें और अपने आस-पास के भी लोग जो इस आयुश्रेणी के है उन्हें भी टीकाकरण के लिए प्रेरित करें।
अभी जहाँ 45 या इससे अधिक आयुवर्ग के लोगों का टीकाकरण हो रहा है वहीं बाद में इस आयुवर्ग में बदलाव लाते हुए सरकारी आदेशों के आलोक में और भी लोगों का टीकाकरण किया जाना है।
रिपोर्ट : डेस्क दैनिक आजतक।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
मान्यवर पाठकमित्र,
आपके द्वारा संवाद को पढ़ना हमें बेहतर लगा।
आपका दैनिक आजतक (वेब मीडिया) में हम स्वागत करते हैंं।
सी.के.झा
प्रधान संपादक
दैनिक आजतक